
JHN/DESK पाकुड़:(PAKUR) पाकुड़ समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में हो रहे अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर गहन समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की क्रमवार जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कहा कि अवैध कोयला, पत्थर और बालू के कारोबार पर हर हाल में रोक लगे। अप्रैल से मई माह के बीच की गई कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि 15 एफआईआर दर्ज कर 71 वाहनों को जब्त किया गया है।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि टास्क फोर्स की कार्रवाई तेज और प्रभावी हो। ओवरलोडिंग, फर्जी चालान और रैयती भूमि पर हो रहे अवैध भंडारण पर सख्त नजर रखी जाए। उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस अभियान में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ त्वरित व ठोस कार्रवाई हो और संबंधित थाना प्रभारी व सीओ व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदारी लें।
उन्होंने कहा कि बंद पड़ी खदानों पर लगातार निगरानी रखें, ताकि अवैध उत्खनन की कोई गुंजाइश न बचे। साथ ही सूचना तंत्र को मजबूत कर संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने भी सख्त रुख अपनाते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अवैध खनन पूरी तरह रोकने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध बालू व पत्थर उठाव की सूचना मिलते ही एसडीओ, सीओ और थाना प्रभारी समन्वय के साथ पूरी गोपनीयता से छापेमारी करें। आवश्यक बल के साथ वाहन व सामग्री जब्त कर आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, एसडीपीओ, डीएसपी मुख्यालय, सिविल सर्जन, जिला खनन पदाधिकारी, परिवहन पदाधिकारी, पंचायत राज पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिले में अब अवैध खनन व परिवहन पर प्रशासन की नजरें पैनी हैं, और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा यह संदेश स्पष्ट है।
Author: Jharkhand Nama
News portal





