संविधान गौरव दिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण,संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

झारखंड नामा ब्यूरो पाकुड़ :संविधान गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पाकुड़ के कार्यकर्ताओं ने नगर अध्यक्ष सोहन मंडल के नेतृत्व में स्थानीय पेट्रोल पंप के समीप स्थापित भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए भारतीय संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा जिला महामंत्री रूपेश कुमार भगत एवं जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बाबूधन मुर्मू, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी,अमृत पांडेय उपस्थित रहे।इनके अलावा पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने भी बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
माल्यार्पण के उपरांत भाजपा जिला महामंत्री रूपेश कुमार भगत ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को यह पूर्ण रूप से लागू हुआ। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने वर्ष 2015 में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए देश को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे महान आदर्शों पर आधारित संवैधानिक व्यवस्था प्रदान की। संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों और सम्मान की आधारशिला है।
उन्होंने आगे कहा कि संविधान गौरव दिवस मनाने का वास्तविक उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों और संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी समान अधिकार, अवसर और सम्मान मिले, यही संविधान की मूल भावना है। हम सभी को संविधान के प्रति जागरूक रहते हुए अपने अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए कार्यक्रम के अंत में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ता दिपक साहा,मिथिलेश कुमार ठाकुर,मनीष राज चौबे, पंकज साह,दुलाल सिंह,जितु सिंह,रतन भगत,धर्मेंद्र त्रिवेदी आदि ने बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करने तथा संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को बनाए रखने का संकल्प लिया।
Author: Jharkhand Nama
News portal





