
रिपोर्ट : नंद किशोर मंडल / पाकुड़
JHN DESK पाकुड़ (PAKUR) गुरुवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में कोल कंपनियों के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य फोकस जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं, ट्रैफिक जाम और कोयला परिवहन में हो रही अनियमितताओं पर रहा।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि हिरणपुर होकर अब कोयला ट्रकों का आवागमन पूरी तरह बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि ट्रकों के चालक ओवरस्पीड और ओवरटेक की प्रवृत्ति से बचें तथा क्षमता से अधिक कोयले का परिवहन कत्तई न करें।
इसके साथ ही ट्रकों में अतिरिक्त पटरा या ऐंगल लगाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि सभी ट्रकों में रजिस्ट्रेशन नंबर की स्पष्ट नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से लगी हो और कोयला ढोने वाले ट्रकों को त्रिपाल से ढका होना चाहिए, ताकि उड़ने वाली कोयले की धूल से आमजन को परेशानी न हो।
बैठक में उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय पीएम कुजुर, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अजय सिंह बड़ाईक, अमड़ापाड़ा अंचलाधिकारी सहित कोल कंपनियों के सभी प्रतिनिधि उपस्थित थे।
उपायुक्त ने साफ कहा कि जनहित सर्वोपरि है, किसी भी कीमत पर कोयला कंपनियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में लिए गए निर्णयों का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश भी संबंधित विभागों को दिया गया।
Author: Jharkhand Nama
News portal





