जिले में शांति से सजेगा मुहर्रम, हर कदम पर प्रशासन की नजर ड्रोन से निगरानी, सिविल ड्रेस में तैनाती मुहर्रम को लेकर चौकस है पाकुड़ प्रशासन

JHN DESK पाकुड़ (PAKUR): मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। इसको लेकर शनिवार को उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में जिले भर के पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत ब्रीफिंग की गई।

बैठक में सभी थाना प्रभारी, बीडीओ, सीओ, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना कंट्रोल रूम को दी जाए।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, मजिस्ट्रेट जुलूस के साथ लगातार रहेंगे और जब तक निर्देश न मिले, अपने स्थल से नहीं हटेंगे। सभी बीडीओ, सीओ व थाना प्रभारी अलर्ट मोड में रहेंगे। अश्लील या भड़काऊ गीतों पर पूरी तरह रोक रहेगी। सभी जुलूस की वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से कराई जाएगी तथा सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के लिए विशेष टीम गठित रहेगी।

जुलूस पूर्वनिर्धारित रूट से ही निकाले जाएंगे, किसी प्रकार का बदलाव नहीं होगा। ड्रोन व सीसीटीवी कैमरे से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी की जाएगी। साथ ही मेडिकल किट, एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि सभी अधिकारी अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहें और किसी भी अप्रिय गतिविधि की स्थिति में तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचित करें। प्रत्येक जुलूस पर नजर रखने के लिए सिविल ड्रेस में पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराकर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की अपील है कि मुहर्रम का पर्व मिलजुल कर मनाएं, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरन्त प्रशासन को दें।

Jharkhand Nama
Author: Jharkhand Nama

News portal

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज