
JHN DESK पाकुड़ (PAKUR) पाकुड़ जिले की धरती पर उपजे मीठे और रसीले आम अब देश की सरहदें लांघकर विदेशों में भी अपनी खुशबू बिखेरने लगे हैं। उपायुक्त मनीष कुमार ने समाहरणालय परिसर से 250 किलोग्राम आम्रपाली आमों से भरे वाहन को हरी झंडी दिखाकर सऊदी अरब के लिए रवाना किया। यह निर्यात धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत किया गया है।
इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि यह सिर्फ आम का निर्यात नहीं, बल्कि पाकुड़ के किसानों के पसीने और परिश्रम का अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कृषि उत्पाद बाजार समिति और निर्यातकों को निर्देश देते हुए कहा कि इस तरह के एक्सपोर्ट गतिविधियों को निरंतर जारी रखा जाए, ताकि पाकुड़ जिले के किसानों को वैश्विक बाजार में बेहतर अवसर और उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
यह प्रयास न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा, बल्कि जिले को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर और उन्नत बनाने की दिशा में एक प्रेरणास्पद पहल है। पाकुड़ और हिरणपुर प्रखंड के किसानों द्वारा उगाए गए यह आम, अब सऊदी अरब के बाजार में अपनी मिठास घोलेंगे और पाकुड़ का नाम एक ग्लोबल फ्रूट ब्रांड के रूप में उभरेगा।
Author: Jharkhand Nama
News portal





