रेलवे मैदान में मां दुर्गा पूजा मंडप का भव्य उद्घाटन, डीसी-एसपी समेत गणमान्य अतिथियों ने की पूजा-अर्चना

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ उद्घाटन, पाकुड़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

झारखंड नामा ब्यूरो पाकुड़ :शारदीय दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, रेलवे स्टेशन पाकुड़ की ओर से रेलवे मैदान में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव के अंतर्गत महाषष्ठी की संध्या देवी अधिवास के अवसर पर पूजा मंडप का भव्य उद्घाटन किया गया। इस धार्मिक एवं श्रद्धामय समारोह में जिले के प्रशासनिक, पुलिस, न्यायिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत की पूजा मंडप का उद्घाटन पाकुड़ की उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सतीश चंद्र, समाजसेवी लुत्फल हक तथा दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के सहायक उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच अतिथियों ने नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर विधिवत उद्घाटन संपन्न किया। पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण और मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा। उद्घाटन के पश्चात सभी सम्माननीय अतिथियों ने मां दुर्गा के श्रीचरणों में माथा टेककर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां से पाकुड़ जिले में शांति, सद्भाव, सुख-समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की। इस अवसर पर सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने अतिथियों को माता की चुनरी ओढ़ाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, जिला कोषागार पदाधिकारी विकास कुमार त्रिवेदी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी अरविंद कुमार बेदिया, पूर्व रेलवे के सहायक अभियंता (बी) तथा पाकुड़ स्टेशन प्रबंधक लखीराम हेंब्रम सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे इसके अलावा प्रवीण कुमार, नितेश कुमार, संतोष ठाकुर, अखिलेश कुमार चौबे, संजय कुमार ओझा, दया शंकर प्रसाद, कुमार विकास, नेहा भारती, कल्याणी कुमारी, पंकज यादव, नीरज ठाकुर, अजय माल, संतलाल मंडल, विनय कुमार, ओंकारनाथ ओझा, सनी कुमार और राणा शुक्ला सहित रेलवे के पदाधिकारी-कर्मचारी, पूजा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
महाषष्ठी के पावन अवसर पर पूजा मंडप के उद्घाटन के साथ रेलवे मैदान में दुर्गोत्सव की रौनक और भक्तों का उत्साह देखते ही बना। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन कर परिवार एवं समाज की मंगलकामना की कार्यक्रम का संचालन हिसाबी राय ने किया।
Author: Jharkhand Nama
News portal





