
JHN DESK पाकुड़ (PAKUR) पाकुड़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पाकुड़ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर काकसबेना पुल के पास से हाजीबुल शेख नामक एक कुख्यात तस्कर को धर-दबोचा।
हाजीबुल शेख, जो ग्राम काकसबेना, थाना पाकुड़ (मुफस्सिल) का निवासी है, के पास से 22 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹6740 नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b)/22 के तहत दर्ज कांड संख्या 172/2025, दिनांक 16.07.2025 में की गई है।
पूर्व में भी था मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त
यह कोई पहला मौका नहीं है जब हाजीबुल शेख को नशे के कारोबार में पकड़ा गया हो। इससे पूर्व भी वर्ष 2019 में वह मादक पदार्थ के साथ पकड़ा गया था और उस पर एनडीपीएस एक्ट की धाराएं 21/22/23 के तहत मामला दर्ज किया गया था। न्यायालय ने उसे दोषी ठहराते हुए दंडित भी किया था।
प्रोफेशनल प्लानिंग से हुई सफलता
इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली पुलिस टीम में शामिल थे संजीव कुमार झा, थाना प्रभारी,अनन्त राम, सहायक अवर निरीक्षक,मिथुन रजक, सहायक अवर निरीक्षक,सुभाष साह, सशस्त्र बल सदस्य,सुदामा साह, सशस्त्र बल सदस्य तथा पाकुड़ थाना की गश्ती गाड़ी की टीम
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे का जाल फैलाने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई मादक पदार्थ तस्करों के लिए सीधा और कड़ा संदेश है कि पाकुड़ जिला अब नशा मुक्त समाज की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
Author: Jharkhand Nama
News portal





