
JHN DESK पाकुड़ (PAKUR) पाकुड़: जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार की अगुवाई में प्रोजेक्ट परख 2.0 के तहत 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले छात्रों एवं उनके अभिभावकों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम टाउन हॉल रविन्द्र भवन में आयोजित हुआ, जहां उपायुक्त समेत कई वरीय अधिकारियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
कार्यक्रम में 9वीं एवं 11वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को शॉल ओढ़ाकर एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी को बेहतर रिजल्ट की शपथ दिलाई गई।
उपायुक्त मनीष कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “बिना मेहनत के कोई फल नहीं मिलता। 2025 में जिले की छलांग – 22वें से सीधे 2वें स्थान पर आना – छात्रों, शिक्षकों और प्रशासन के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। अब लक्ष्य है प्रथम स्थान प्राप्त करना।”
उन्होंने बताया कि छात्रों के लिए बाजार समिति में अतिरिक्त क्लास चलाई जाएगी और नवंबर में सभी का मूल्यांकन टेस्ट होगा। जो छात्र इस टेस्ट में फेल होंगे, उन्हें बोर्ड परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सफल छात्रों के लिए प्री बोर्ड टेस्ट होगा और जो छात्र बोर्ड परीक्षा में टॉप करेंगे, उन्हें महेंद्र सिंह धोनी से मिलने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में छात्रों को प्रेरणादायक वीडियो दिखाए गए और बच्चों का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। उपायुक्त ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई पर सतत निगरानी रखें और सुनिश्चित करें कि बच्चे नियमित रूप से स्कूल जाएं।
Author: Jharkhand Nama
News portal





