पाकुड़ के पूर्व एन डी ए प्रत्याशी सह समाजसेवी अजहर इस्लाम बने सामाजिक समरसता की मिसाल, दिल्ली में किया अमरनाथ यात्रियों का स्वागत

झारखंड नामा संवाददाता नई दिल्ली :राजनीति से परे इंसानियत और भाईचारे का संदेश देते हुए पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व एनडीए प्रत्याशी सह समाजसेवी अजहर इस्लाम ने राजधानी दिल्ली में सामाजिक समरसता की एक अनूठी मिसाल पेश की।

अमरनाथ यात्रियों का किया आत्मीय स्वागत
29 जून 2026 को रांची से पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं का दल जब पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा, तो अजहर इस्लाम ने स्वयं स्टेशन पर उपस्थित होकर सभी यात्रियों का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। इस जत्थे में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, बुजुर्ग, युवा और बच्चे शामिल थे।
अजहर इस्लाम ने सभी श्रद्धालुओं को गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया और भीषण गर्मी को देखते हुए पानी की व्यवस्था भी की। श्रद्धालुओं के चेहरों पर दिखी आस्था, उत्साह और श्रद्धा ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
श्रद्धालुओं के लिए संदेश
इस अवसर पर अजहर इस्लाम ने कहा, “मैं सभी शिवभक्तों की सुरक्षित, सफल एवं मंगलमय अमरनाथ यात्रा की दिल से कामना करता हूं। बाबा बर्फानी का आशीर्वाद आप सभी पर बना रहे। आप सभी सकुशल यात्रा पूर्ण कर अपने परिवार के बीच लौटें, यही मेरी प्रार्थना है।”
‘सर्वधर्म समभाव’ है राजनीति का मूल
अपनी सोच को स्पष्ट करते हुए अजहर इस्लाम ने कहा कि उनकी राजनीति किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं है। “मेरा दृढ़ विश्वास है कि सभी धर्मों का सम्मान करना, सभी समुदायों को साथ लेकर चलना और बिना भेदभाव के इंसानियत की सेवा करना ही सच्ची जनसेवा है। यही मेरी सोच है, यही मेरा संकल्प है और यही मेरी राजनीति का मूल उद्देश्य है।”
उन्होंने आगे कहा कि आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और इंसानियत ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है। जब एक समुदाय का व्यक्ति दूसरे धर्म के लोगों की सेवा में आगे आता है, तभी ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना साकार होती है।
कौन हैं अजहर इस्लाम?
अजहर इस्लाम पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र से पूर्व एनडीए प्रत्याशी रह चुके हैं। वर्तमान में वे समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं और लगातार सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रमों में भाग लेते रहते हैं। दिल्ली में अमरनाथ यात्रियों के स्वागत का उनका यह कदम झारखंड से बाहर भी चर्चा का विषय बन गया है।
पाकुड़ के नागरिकों ने इस पहल की सराहना की है पाकुड़ वासी कहते हैं, “अजहर भाई ने साबित कर दिया कि सेवा का कोई मजहब नहीं होता। उनके इस कदम से पूरे पाकुड़ का नाम रोशन हुआ है।”
श्रद्धालु दल में शामिल रांची की सुनीता देवी ने बताया, “दिल्ली स्टेशन पर इस तरह का स्वागत देखकर मन भाव-विभोर हो गया। अजहर जी ने जिस अपनापन से पानी पिलाया और गमछा दिया, लगा ही नहीं कि हम घर से दूर है यह जनसेवा बताती है कि जब राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ सामाजिक संवेदना जुड़ती है, तो वह समाज के लिए मिसाल बन जाती है।
Author: Jharkhand Nama
News portal





