ज्वेलर्स लूटकांड से दहले व्यवसायी, एसपी से की सुरक्षा की मांग

ज्वेलर्स लूटकांड से दहले व्यवसायी, एसपी से की सुरक्षा की मांग

एसपी अनुदीप सिंह का अमड़ापाड़ा बाजार दौरा, सीसीटीवी और टाइगर मोबाइल गश्ती तेज करने के निर्देश; फरार बदमाश जल्द होगा सलाखों के पीछे

झारखंड नामा संवाददाता रूपा मुनि सोरेन आमड़ा पाड़ा :किशुन वर्मा ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना के बाद अमड़ापाड़ा बाजार के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और फरार अपराधी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को स्थानीय व्यवसायियों एवं प्रबुद्धजनों ने पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह से थाना परिसर में मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा।

व्यवसायियों ने बताया कि 2 सितंबर को मुख्य बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने दिन के उजाले में लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे घटना के बाद से बाजार में भय और असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है।

एसपी अनुदीप सिंह ने व्यवसायियों को आश्वस्त किया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। एसपी और एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें लूटकांड के उद्भेदन और फरार अपराधी की धरपकड़ में जुटी हैं। मामले का नियमित फॉलोअप हो रहा है और जल्द सफलता मिलने की उम्मीद है।

सुरक्षा व्यवस्था का रिव्यू, सीसीटीवी पर जोर

एसपी ने कहा कि अमड़ापाड़ा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पूरे क्षेत्र का रिव्यू किया गया है। कहां-कहां सीसीटीवी कैमरे लगाने की आवश्यकता है, इसका आकलन किया गया है। पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाया जाएगा तथा टाइगर मोबाइल नियमित गश्त करेगी।

एसपी अनुदीप सिंह, एसडीपीओ विजय कुमार और थाना प्रभारी अनुप रोशन भेंगरा पुलिस बल के साथ पैदल मुख्य बाजार पहुंचे। अधिकारियों ने चौक-चौराहों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और दुकानदारों से उनकी समस्याएं सुनीं।

एसपी ने दुकानदारों से प्रतिष्ठानों के अंदर-बाहर, बाजार के प्रवेश मार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों पर सामूहिक सहयोग से सीसीटीवी लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपराधियों तक पहुंचने में सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल तकनीक अहम साबित होते हैं, साथ ही पुलिस पारंपरिक तरीकों से भी अनुसंधान कर रही है।

कोल कंपनियों से सीसीटीवी में सहयोग की चर्चा पर एसपी ने कहा कि प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। अपराध पर अंकुश के लिए पुलिस को समाज के सहयोग की जरूरत है।

टाइगर मोबाइल सक्रिय रखने का निर्देश

एसपी ने थाना प्रभारी को बाजार क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने, टाइगर मोबाइल सेवा सक्रिय रखने और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में रजिस्टर संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मुलाकात में नारायण भगत, संजीव भगत, संजय भगत, भूटान भगत, मनोज भगत, संतोष रजक, संतोष भगत, सरोज मंडल और राहुल भगत सहित कई व्यवसायी व प्रबुद्ध लोग मौजूद थे।

एसपी के बाजार निरीक्षण के बाद व्यवसायियों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द फरार अपराधी को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण उद्भेदन करेगी और बाजार में सुरक्षा का भरोसा बहाल होगा।

Jharkhand Nama
Author: Jharkhand Nama

News portal

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज