तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति किया गया जागरूक, नशामुक्त समाज के निर्माण पर दिया जोर

झारखंड नामा संवाददाता रूपामुनी सोरेन अमड़ापाड़ा: (पाकुड़)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमड़ापाड़ा में गुरुवार को तंबाकू मुक्त अभियान के तहत जागरूकता सह शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना था।

इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मियों ने तंबाकू सेवन से होने वाली विभिन्न बीमारियों एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी दी। बताया गया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी सहित कई गंभीर रोगों का प्रमुख कारण बन सकता है। तंबाकू की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है।
कार्यक्रम के दौरान तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया गया। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज का निर्माण सामूहिक जागरूकता एवं जनभागीदारी से ही संभव है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं तंबाकू से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके सेवन से बचने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
Author: Jharkhand Nama
News portal





