झारखंड स्थापना पखवाड़ा के तहत रविन्द्र भवन में सजी संस्कृति की भव्य महफिल

झारखंड स्थापना पखवाड़ा के तहत रविन्द्र भवन में सजी संस्कृति की भव्य महफिल

लोकगीत, लोकनृत्य एवं नुक्कड़ नाटकों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोहा

TARA अभियान का शुभारंभ, जिला पर्यटन विभाग की डायरी एवं कैलेंडर-2027 का हुआ विमोचन

स्थानीय कलाकारों एवं विद्यार्थियों को मिला मंच, सभी प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

झारखंड नामा ब्यूरो पाकुड़ :झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा के अवसर पर आज रविन्द्र भवन टाउन हॉल, पाकुड़ में भव्य जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज, उप विकास आयुक्त श्री अरविन्द कुमार लाल, परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता श्री जेम्स सुरीन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री अमित कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता श्री विकास कुमार त्रिवेदी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती बसंती ग्लाडिस बाड़ा, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुश्री अनीता पुरती, जिला खनन पदाधिकारी श्री राजेश कुमार, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी श्री राहुल कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सबरी पाल एवं नगर परिषद उपाध्यक्ष श्री राणा ओझा सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किय इस अवसर पर किशोर-किशोरियों के अधिकार एवं आकांक्षाओं को समर्पित *TARA (Together For Adolescent Rights And Aspiration)* कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। साथ ही जिला पर्यटन विभाग, पाकुड़ की ओर से तैयार डायरी एवं कैलेंडर- 2027 का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य झारखंड की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं, लोककला एवं लोकसंस्कृति को प्रोत्साहित करने के साथ जिले की स्थानीय एवं उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने के लिए सशक्त मंच प्रदान करना था।

*लोकनृत्य, लोकगीत एवं नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां*

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं सांस्कृतिक समूहों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, लिट्टीपाड़ा द्वारा ‘बाल विवाह’ जैसी सामाजिक कुरीति पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। वहीं आर.के. +2 उच्च विद्यालय, हिरणपुर एवं पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, हिरणपुर की छात्राओं ने पारंपरिक लोकनृत्य के माध्यम से झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।

जिला सी.एम. स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़ के विद्यार्थियों ने युवा लोकनृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। आर.जे.एम. गर्ल्स हाई स्कूल, पाकुड़ की छात्राओं ने बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देते हुए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। वहीं यू.एच.एस. हरिणडांगा, पाकुड़ के विद्यार्थियों ने ‘जय झारखंड’ विषय पर आकर्षक प्रस्तुति देकर राज्य के प्रति गौरव एवं उत्साह का भाव प्रदर्शित किया। इसके अतिरिक्त ‘स्ट्रीट डांस ग्रुप’ की ऊर्जावान प्रस्तुति ने भी दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

*TARA अभियान के माध्यम से बाल विवाह मुक्त पाकुड़ बनाने की पहल*

कार्यक्रम के दौरान TARA अभियान का औपचारिक शुभारंभ हुआ, जिसके तहत बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से शपथ एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। इस पहल के माध्यम से किशोरियों के अधिकारों की रक्षा, शिक्षा, कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन का संदेश दिया गया।

*तीन वर्षों की कार्ययोजना से बदलेगी सामाजिक सोच : उपायुक्त*

इस अवसर पर उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने कहा कि TARA अभियान का उद्देश्य केवल चार-छह महीने में परिणाम प्राप्त करना नहीं, बल्कि अगले तीन वर्षों में समुदाय की सोच एवं सामाजिक व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना है। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए सामुदायिक सहभागिता बेहद जरूरी है। इसके लिए अभिभावकों एवं समाज के लोगों की सोच बदलने के साथ किशोरियों को शिक्षा, कौशल विकास एवं आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और उन्हें परिवार पर बोझ न समझा जाए। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की टीम, उप विकास आयुक्त, संबंधित पदाधिकारियों एवं सामाजिक संस्थाओं के साथ विचार-विमर्श तथा जमीनी स्तर पर प्राप्त फीडबैक के आधार पर तीन वर्षों की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत चरणबद्ध तरीके से विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इनमें व्यापक प्रशिक्षण, बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी एवं सामाजिक जागरूकता गतिविधियां शामिल होंगी।

उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं संबंधित हितधारकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पाकुड़ में साक्षरता एवं बाल विवाह से संबंधित चुनौतियां हैं, लेकिन सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से स्थिति में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। TARA अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

*सभी प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित*

सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के अंतर्गत गीत-संगीत, एकल एवं सामूहिक नृत्य, नाटक, कविता पाठ एवं वादन सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं अन्य अतिथियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। पूरे आयोजन के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

Jharkhand Nama
Author: Jharkhand Nama

News portal

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज