रथ मेला में नकली नोट कांड: महिला 1700 रुपये के जाली नोट के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार, गिरोह से जुड़ाव की जांच में जुटी पुलिस

JH-NAMA DESK

पाकुड़: (PAKUR) पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक रथ मेला में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला को 500-500 रुपये के नकली नोट से खरीदारी करते हुए रंगे हाथ धर दबोचा गया। महिला के पास से कुल 1700 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। फिलहाल महिला पुलिस की हिरासत में है और पूछताछ में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रही।

ऐसे खुला नकली नोट का राज

जानकारी के मुताबिक, महिला अपनी एक साथी के साथ मेले में घूमने और खरीदारी के उद्देश्य से आई थी। पहले उसने एक दुकान से 500 रुपये का नकली नोट देकर सामान खरीदा। दुकानदार को उस समय शक नहीं हुआ और उसने पैसे वापस कर दिए। इसके बाद महिला दूसरी दुकान पर पहुंची और वही तरकीब दोहराई। इस बार पहले दुकानदार को नोट पर शक हुआ और वह महिला का पीछा करते हुए दूसरी दुकान पर जा पहुंचा। मौके पर ही महिला को पकड़ लिया गया।

मेला कमेटी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही मेला कमेटी ने तुरंत नगर थाना को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया। अवर निरीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक, महिला से लगातार पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वह नकली नोट कहां से लाई और क्या उसका कोई गिरोह से संबंध है।

रथ मेला में पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

पुलिस के अनुसार, रथ मेला में यह कोई पहली आपराधिक घटना नहीं है। इससे पहले भी चेन स्नैचिंग, मोबाइल और पर्स चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस ने हाल ही में इन मामलों से जुड़ी एक अन्य महिला को भी गिरफ्तार किया है।

जांच जारी, सतर्क है पुलिस

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और मेले में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि वे नकदी लेन-देन में सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Jharkhand Nama
Author: Jharkhand Nama

News portal

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज