विद्युत आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर उपायुक्त ने की कड़ी समीक्षा, टेबल रीडिंग पर लगाया प्रतिबंध

JHN DESK पाकुड़ ((PAKUR) रविवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त  मनीष कुमार की अध्यक्षता में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में साहेबगंज विद्युत आपूर्ति अंचल के अधीक्षण अभियंता, पाकुड़ व अमड़ापाड़ा के सहायक एवं कनीय अभियंता, ऊर्जा मित्र, आरडीएसएस अंतर्गत कार्यरत एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने बैठक में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं के साथ किसी प्रकार की धोखाधड़ी सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने बिलिंग एजेंसी को सख्त हिदायत दी कि किसी भी हाल में टेबल रीडिंग के आधार पर बिल नहीं बनाया जाए। उपभोक्ता को वास्तविक मीटर रीडिंग पर आधारित बिल ही दिया जाए।

उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में त्वरित विद्युतीकरण सुनिश्चित करने को कहा तथा आगामी मुहर्रम पर्व को ध्यान में रखते हुए ताजिया जुलूस मार्गों पर क्षतिग्रस्त तारों व पोलों की तत्काल मरम्मत करने का निर्देश दिया।

आरडीएसएस योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष जाहिर करते हुए उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने को कहा।

मौसम विभाग द्वारा संभावित भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए उपायुक्त ने सभी विद्युत पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया और कहा कि किसी भी स्थिति में विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर कम से कम समय में बहाल की जाए।

अंत में उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं तत्परता से कार्य करें, ताकि आमजन को निर्बाध और सुरक्षित विद्युत सेवा मिल सके।

Jharkhand Nama
Author: Jharkhand Nama

News portal

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज