
JHN DESK पाकुड़ (PAKUR) आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कृषि उत्पादन बाजार समिति, पाकुड़ परिसर में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुहर्रम के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था, सौहार्द्रपूर्ण वातावरण, साफ-सफाई, जुलूस रूट प्लान, लाइटिंग, एंबुलेंस और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक विमर्श किया गया।
उपायुक्त ने कहा, “त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। सभी मोहर्रम कमेटियों और अखाड़ा समितियों के सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए बेहतर से बेहतर इंतजाम किए जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक या उत्तेजक जानकारी की पुष्टि के लिए लोग सीधे प्रशासन से संपर्क करें। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए और जिला नियंत्रण कक्ष को 24×7 सक्रिय रखने का आदेश दिया।
एसपी निधि द्विवेदी: ड्रोन से निगरानी, जुलूस समयबद्ध हों
बैठक में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि जुलूस समय पर निकले और निर्धारित समय पर समाप्त हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी और धार्मिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि, “कोई भी व्यक्ति यदि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाता है या सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी आपत्तिजनक मैसेज की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या जिला प्रशासन को दें।
सदस्यों ने रखी व्यवस्थाओं को लेकर मांगें
बैठक में विभिन्न मोहर्रम कमेटियों एवं शांति समिति प्रतिनिधियों ने जुलूस के समय, रूट, लाइटिंग, सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और लाइसेंस निर्गत करने जैसी व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन के समक्ष अपने सुझाव और मांगें रखीं। सभी ने आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।
प्रशासन पूरी तरह तैयार
इस बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ महेशपुर व पाकुड़, नगर परिषद प्रशासक, सभी बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी सहित जिला के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को पूरी सजगता और तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन की अपील: सोशल मीडिया पर सतर्क रहें, किसी भी अफवाह को न फैलाएं, न आगे बढ़ाएं — जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
Author: Jharkhand Nama
News portal





