भाजपा का पुतला दहन कर झामुमो का कड़ा विरोध प्रदर्शन, भोगनाडीह की घटना को बताया साजिश

एजाजुल ईस्लाम बोले – भाजपा ने वीर शहीदों का किया अपमान, झामुमो करेगी करारा जवाब

पुतला फूंकते हुए विरोध प्रदर्शन

JHN DESK पाकुड़ (PAKUR) पाकुड़ जिले के बिरसा चौक पर  झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यकर्ताओं ने भाजपा का पुतला फूंकते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अगुवाई झामुमो जिलाध्यक्ष एजाजुल ईस्लाम ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “भाजपा मुर्दाबाद”, “बाबूलाल मरांडी मुर्दाबाद”, लोबिन हेम्ब्रम मुर्दाबाद” समेत कई तीखे नारे लगाकर भाजपा के खिलाफ आक्रोश जाहिर किया।

जिलाध्यक्ष एजाजुल ईस्लाम ने कहा कि 30 जून को हूल दिवस के अवसर पर साहेबगंज जिले के भोगनाडीह में भाजपा नेताओं ने एक सोची-समझी साजिश के तहत आदिवासी-मूलवासी समाज की भावनाओं को आहत करने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने झारखंड के वीर शहीदों का अपमान कर अपनी संकीर्ण मानसिकता उजागर की है। इसके विरोध में आज झामुमो ने भाजपा का पुतला फूंक कर जनभावनाओं का प्रतिनिधित्व किया है।

साजिश के तहत शांति भंग करने का प्रयास : झामुमो नेता

झामुमो जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली और केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव ने कहा कि भाजपा ने संथाल परगना के भोले-भाले आदिवासी समाज को आपस में लड़वाने की साजिश रची। पुलिस और जनता के बीच तनाव फैलाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावी हार के बाद बौखला गई है और अब यहाँ के भाईचारे को तोड़ने की कोशिश कर रही है। मगर जनता झामुमो के साथ है और पार्टी उनके असली चेहरों को उजागर करती रहेगी।

भाजपा का संथाल परगना से सफाया : उपासना मरांडी

केंद्रीय समिति सदस्य श्रीमती उपासना मरांडी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का अस्तित्व अब संथाल परगना से समाप्त हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हूल दिवस जैसे पवित्र दिन को कलंकित करने की कोशिश की, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के मीडिया प्रभारी की भूमिका भी सामने आई है। उन्होंने चेतावनी दी कि झामुमो इस साजिश के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल

इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें जिला उपाध्यक्ष पीटर मरांडी, केंद्रीय समिति सदस्य निशा शबनम हांसदा, पोलिना मुर्मू, महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष जोसेफिना हेम्ब्रम, जिला सचिव सुशीला देवी, संगठन सचिव अनारुद्दीन मियां समेत कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।

रिपोर्ट : अमित दास / पाकुड़

Jharkhand Nama
Author: Jharkhand Nama

News portal

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज