
JHN DESK पाकुड़ : ( PAKUR ) पाकुड़ जिले के हिरणपुर प्रखंड कार्यालय में एक कंप्यूटर ऑपरेटर ऐसे जमा है,जैसे शादी के बाद दूल्हा अपनी ससुराल में ही टिक जाए न जाने की नीयत, न भेजने की हिम्मत 10 साल से एक ही कुर्सी पर टिके हैं।
जिले में उपायुक्त महोदय ने तमाम प्रखंडों और अंचलों में पुराने रंगरूटों को एक-एक कर उठाकर इधर-उधर कर दिया कोई फाइल उठा कर महेशपुर गया, कोई चाय छोड़कर लिट्टीपाड़ा पहुंचा!
पर साहब? वो तो हिरणपुर की मिट्टी से ऐसे चिपके हैं जैसे खरबूजा छुरी पर नहीं, छुरी खरबूजे पर भारी है गांव के लोग अब नाम नहीं, उपनाम से पुकारते हैं वो कंप्यूटर वाले बाबू, जिनका सिस्टम तो पुराना है, पर लिंक बड़ा तगड़ा!
कहने को हैं,कंप्यूटर ऑपरेटर लेकिन काम ऐसे कि लगता है पूरा प्रखंड ही हार्ड डिस्क में सेव कर लिया हो! कभी फाइल, कभी पासबुक, कभी मीटिंग…जनाब का योगदान इतना फैला है, जितना ढाबे में फैला तवा !
सूत्रों की मानें तो, ट्रांसफर की चाय तो कई बार चढ़ी, पर उबाल आते ही गैस किसी ने धीमा कर दिया! कहते हैं, साहब की पकड़ ऐसी है जैसे देसी घी बोतल में दिखे कम, असर करे ज़्यादा!
अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या उपायुक्त महोदय नियमों की कैंची सभी पर एक ही कपड़े की तरह चलाते हैं, या फिर हिरणपुर के इस ऑपरेटर के लिए कोई खास सिलवट अलग से रखी गई है…
Author: Jharkhand Nama
News portal





