JHN DESK पाकुड़ (PAKUR) पाकुड़ में सोमवार को उपायुक्त मनीष कुमार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले की सभी जल सहिया दीदियों से संवाद कर स्वच्छता अभियान को तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 (SSG2025) को ध्यान में रखते हुए जल सहियाओं को न केवल खुद फीडबैक देने बल्कि अपने गांव के हर नागरिक को फीडबैक देने के लिए प्रेरित करने को कहा।

उपायुक्त ने कहा कि SBMSSG2025 मोबाइल ऐप के जरिए समय पर फीडबैक देना जरूरी है, ताकि सर्वे टीम आने से पहले जिले की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के लिए प्रभात फेरी, रैली, शपथ ग्रहण, दीवार लेखन, मेंहदी, चित्रकला जैसे जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि हर घर में सूखा और गीला कचरा के लिए अलग-अलग डस्टबिन का इस्तेमाल अनिवार्य किया जाए और बने हुए भस्मक (कचरा जलाने की संरचना) का नियमित उपयोग हो। साथ ही, जल जमाव वाले क्षेत्रों की नियमित सफाई और रोकथाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभी परिवारों को हर महीने ₹20 की राशि जमा कर गांव स्तर पर स्वच्छता कार्यों में प्रयोग करने की भी बात कही। बैठक के दौरान निर्देश दिया गया कि एक विशेष अभियान चलाकर हर घर के बाहर प्लास्टिक कचरे के लिए बोरा टांगा जाए और बंद पड़े शौचालयों को शीघ्र चालू कराया जाए।
इस संवाद के माध्यम से उपायुक्त ने स्वच्छता को सिर्फ सरकारी कार्यक्रम न मानते हुए इसे जन सहयोग से जुड़ी जिम्मेदारी बताया और जल सहिया दीदियों से इसमें सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
Author: Jharkhand Nama
News portal





