
JHN DESK पाकुड़ (PAKUR) पाकुड़ उपायुक्त मनीष कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों एवं जिले के सभी शिक्षकों संग समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु बायोमीट्रिक अटेंडेंस को अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा, “शिक्षकों की नियमित उपस्थिति से ही विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
उन्होंने रेगुलर एसेसमेंट फॉर इंप्रूव्ड लर्निंग कार्यक्रम की गहन समीक्षा करते हुए सभी छात्रों की परीक्षा समय पर लेने और मूल्यांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने ‘बोलेगा पाकुड़’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इससे छात्रों में संवाद कौशल में उल्लेखनीय सुधार हो रहा है। उन्होंने शिक्षकों को SBMSSG2025 एप डाउनलोड कर फीडबैक देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने निर्देश दिया कि जो छात्र 15 दिनों से अधिक अनुपस्थित हैं, उनके अभिभावकों को सूचना दी जाए और सुधार नहीं होने पर नामांकन रद्द करने की कार्रवाई की जाए।
15 अगस्त को 50 उत्कृष्ट शिक्षकों को किया जाएगा सम्मानित, साथ ही ‘परख बुकलेट’ का होगा शुभारंभ। बच्चों की चित्रकला को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न स्थानों पर पेंटिंग एग्जीबिशन आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के तहत अब स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों का मूल्यांकन होगा, जिसमें स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, हाथ धोने की सुविधा, जल संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे बिंदु शामिल रहेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को प्रोत्साहन व वित्तीय लाभ भी मिलेगा।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच के अनुरूप, जिले के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Author: Jharkhand Nama
News portal





