
एक दिवसीय कार्यशाला में उत्कृष्ट कर्मियों को किया गया सम्मानित, स्वास्थ्य सेवा सुधार पर दिया गया विशेष जोर
JHN DESK पाकुड़ (PAKUR) पाकुड़: धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत प्रोजेक्ट जागृति – बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम के तहत सदर अस्पताल सभागार में बुधवार को एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य अस्पताल कर्मियों को नई ऊर्जा देना, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाना और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना रहा।
इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने अस्पताल को पूर्ण रूप से सशक्त और मरीजों के अनुकूल बनाने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल का कायाकल्प किया जाएगा और सभी आवश्यक सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएंगी।
उपायुक्त ने अस्पताल में कार्यरत एएनएम, जीएनएम, लैब टेक्नीशियन, सफाई कर्मी एवं सहिया दीदी को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने और मरीजों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने का आह्वान किया।
साफ-सफाई को लेकर विशेष निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल परिसर एवं उसके आसपास की स्वच्छता में कोई समझौता न हो। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरा माहौल ही अच्छे स्वास्थ्य की नींव है।
कार्यशाला में विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ मनीष कुमार, जिला भीवीडी पदाधिकारी डॉ अमित कुमार, नगर परिषद प्रशासक अमरेन्द्र चौधरी, सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
Author: Jharkhand Nama
News portal





