
JHN DESK पाकुड़ (PAKUR) गुरुवार दोपहर हिरणपुर थाना क्षेत्र के नामोपाड़ा गांव से एक हृदयविदारक खबर सामने आई, जहां 25 वर्षीय दयाल दत्ता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। युवक के शव को देखने के लिए अस्पताल में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
दयाल ने घर में ही ओढ़नी के सहारे पंखे से फांसी लगा ली थी। परिजनों ने उसे आनन-फानन में हिरणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस एएसआई किशोर कुमार टुडू घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतक के पिता विजय दत्ता ने बताया कि दयाल की शादी तीन साल पहले गांव की ही एक युवती से हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे भी हैं। पिछले एक साल से वह अपने माता-पिता से अलग ऊपर तल्ले पर रह रहा था। बुधवार को उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी, जिसके बाद से दयाल मानसिक रूप से परेशान था।
गुरुवार को जब उसके परिजन मिठाई की दुकान पर काम कर रहे थे, तभी यह दुखद खबर मिली। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी जब अस्पताल पहुंची, तो शव देखकर वह बेसुध हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक के वैवाहिक जीवन में कुछ समय से तनाव चल रहा था, जो संभवतः इस आत्मघाती कदम का कारण बना। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे की असल वजह का पता लगाने में जुटी है।
क्या कहती है यह घटना?
एक युवा, एक पिता और एक पति तीन भूमिकाएं निभा रहा एक शख्स, जिसने चुपचाप जीवन को अलविदा कह दिया। यह घटना न सिर्फ परिवार के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए एक बड़ा सवाल छोड़ गई है क्या हम अपनों की तकलीफों को पहचान पा रहे हैं?
रिपोर्ट : नन्द किशोर मंडल / पाकुड़
Author: Jharkhand Nama
News portal





