
JHN DESK पाकुड़ (PAKUR) झारखंड के पाकुड़ जिले में शुक्रवार सुबह एक खौफनाक वारदात से हड़कंप मच गया। हिरणपुर थाना क्षेत्र के तुरसाडीह गांव के तालाब किनारे 16 वर्षीय युवक रूपेश यादव का खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लेकिन हैरान कर देने वाली बात तब सामने आई, जब पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझा दी।
थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल ने टेक्निकल सर्विलांस और मौके पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जो खुलासा किया, उसने सभी को चौंका दिया। हत्या के आरोप में जिन दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, वे कोई और नहीं बल्कि एक पति-पत्नी की जोड़ी निकली।
प्रेम-प्रसंग बना मौत की वजह!
जांच में सामने आया कि मृतक युवक का आरोपी महिला के साथ प्रेम-प्रसंग था। इसको लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। घटना की रात इस रिश्ते की परिणति एक सोची-समझी हत्या के रूप में हुई, जिसमें महिला ने अपने पति के साथ मिलकर युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को तालाब किनारे फेंक दिया।
गिरफ्तार और न्यायिक हिरासत में
हत्या में प्रयुक्त साक्ष्य, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने तत्काल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया। इसके बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कानून का शिकंजा, अपराधियों की शामत
थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह और उनकी टीम की त्वरित कार्रवाई और प्रोफेशनलिज्म की हर ओर तारीफ हो रही है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराध कितना भी गूढ़ क्यों न हो, पुलिस की सख्त निगरानी और आधुनिक तकनीक से बचना नामुमकिन है।
Author: Jharkhand Nama
News portal





