
JHN DESK पाकुड़ (PAKUR) श्रावण महीने के पावन अवसर पर हिन्दू श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए गंधाईपुर पंचायत की ज़िला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने समाजसेवी अजहर इस्लाम से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि धरनी पहाड़ स्थित भगवान शिव मंदिर में जल अर्पण करने के लिए क्षेत्र की 6 पंचायतों से भारी संख्या में श्रद्धालु जाने वाले हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और उनकी यात्रा को सहज बनाने के उद्देश्य से समाजसेवी अजहर इस्लाम ने बड़ा निर्णय लेते हुए 50 टोटो वाहनों की व्यवस्था करने की घोषणा की। यह वाहन सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक रूप से धरनी पहाड़ तक पहुंचाने में सहायक होंगे, ताकि वे भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकें।
अजहर इस्लाम ने कहा, हमारी यही कोशिश रहती है कि हर धर्म, हर आस्था का सम्मान हो और हर जाति-धर्म के लोगों की सेवा की जा सके। श्रद्धालुओं की सेवा कर हमें सच्चा संतोष मिलता है।
स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह आपसी सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है, जो समाज में सकारात्मक संदेश देता है।
Author: Jharkhand Nama
News portal





