
JHN DESK पाकुड़ (PAKUR) पाकुड़:जिले में परिवार स्वास्थ्य मेला 2025 की शुरुआत एक जागरूकता रथ के साथ की गई, जिसे माननीय सांसद, विधायक, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला परिषद अध्यक्ष, उप विकास आयुक्त सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से समाहरणालय परिसर से रवाना किया।
उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि यह प्रचार रथ जिले के सभी प्रखंडों में जाकर लोगों को परिवार स्वास्थ्य मेला की जानकारी देगा। यह मेला 1 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक आयोजित होगा, जिसमें परिवार नियोजन की अस्थायी और स्थायी दोनों सेवाएं सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध रहेंगी।
स्थायी परिवार नियोजन के अंतर्गत पुरुष नसबंदी एवं महिला बंध्याकरण की सुविधा दी जाएगी। इस बार का थीम मां बनने की उम्र वही, जब तन और मन की तैयारी सही रखा गया है। ग्राम सभाओं और चौराहा बैठकों के माध्यम से छोटा परिवार, सुखी परिवार और सही अंतर ही है स्वस्थ मां एवं स्वस्थ बच्चे का मंतर जैसे संदेशों का प्रसार किया जाएगा।
जन-जागरूकता और सेवा के विस्तार के उद्देश्य से सरकार प्रत्येक लाभुक के लिए उत्प्रेरक को महिला बंध्याकरण हेतु ₹300 और पुरुष नसबंदी हेतु ₹400 की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान करेगी। उत्प्रेरक कोई भी रिश्तेदार, सरकारी या गैर-सरकारी व्यक्ति हो सकता है।
संपूर्ण जुलाई माह चलने वाले इस मेले का उद्देश्य जिले में जनसंख्या स्थिरीकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और समाज को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करना है।
Author: Jharkhand Nama
News portal





