
JHN DESK पाकुड़ (PAKUR) पाकुड़: रविवार को जिले के सभी सखी मंडलों एवं ग्राम संगठनों में सखी दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले भर की दीदियों को संबोधित किया और उनके कार्यों की सराहना की।
उपायुक्त ने पिछले माह आयोजित तिथि भोज सह जन्मोत्सव कार्यक्रम की सफलता के लिए JSLPS और सखी मंडल की दीदियों को बधाई दी। उन्होंने जानकारी दी कि अगला तिथि भोज कार्यक्रम 21 जुलाई को आयोजित किया जाएगा और सभी दीदियों से इसमें सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उपायुक्त ने दीदियों को स्वच्छता सर्वेक्षण में सहभागिता हेतु प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रत्येक घर, मोहल्ले एवं सार्वजनिक स्थलों पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन का प्रयोग अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक परिवार 20 रुपये प्रति माह जमा करें, जिससे स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
साथ ही उन्होंने बताया कि 24 जून को सभी प्रखंडों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने दीदियों से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदाताओं को कॉफी मग देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस मौके पर बर्तन कैफे खोलने की दिशा में भी दीदियों को सक्रियता दिखाने को कहा गया। उन्होंने सभी दीदियों से आग्रह किया कि अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजें और राशन कार्ड का आधार से ई-केवाईसी अवश्य कराएं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस प्रवीण मिश्रा, सभी जिला प्रबंधक, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक तथा जेएसएलपीएस के अन्य कर्मी भी जुड़े हुए थे।
इस कार्यक्रम ने एक बार फिर साबित किया कि महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास की दिशा में सखी मंडल अहम भूमिका निभा रहे हैं।
Author: Jharkhand Nama
News portal





