युवा आपदा मित्र योजना के तहत सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित

आपदा प्रबंधन में प्रशिक्षित युवा समाज के लिए बनेंगे मजबूत सहायक: उपायुक्त

झारखंड नामा अमित कुमार दास( पाकुड़ )जिले में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से युवा आपदा मित्र योजना के तहत सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों से चयनित युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित, संगठित एवं प्रशिक्षित प्रतिक्रिया से जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवा आपदा मित्र योजना का उद्देश्य युवाओं को आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में सक्षम बनाना है, ताकि वे प्रशासन एवं आम नागरिकों के बीच समन्वय स्थापित कर सकें। इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित शपथ दिलाई तथा उन्हें आपदा के दौरान मानवता की सेवा, सजगता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को आपदा से बचाव के प्रति जागरूक करें। प्रशिक्षण शिविर के दौरान विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव कार्य, आपदा के दौरान सुरक्षित निकासी, राहत वितरण, संचार व्यवस्था एवं सामुदायिक समन्वय से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
Author: Jharkhand Nama
News portal



