रामनवमी, गुड फ्राइडे, ईस्टर, ईद, सरहुल एवं चैती दुर्गापूजा के मद्देनजर जिला शांति समिति की बैठक आयोजित

JHN ब्यूरो पाकुड़ :कृषि उत्पादन बाजार समिति, पाकुड़ में उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था, शांति व्यवस्था, जनसुविधाओं एवं सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी से सहयोग की अपील की गई। बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए गए एवं प्राप्त समस्याओं के त्वरित तथा समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया गया।

शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण वातावरण में संयमित एवं अनुशासित तरीके से पर्व मनाएं”:-उपायुक्त*

उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी जिलेवासियों को आगामी पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए आपसी भाईचारा एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने-अपने पर्वों को उत्साहपूर्वक मनाने के साथ-साथ दूसरों के त्योहारों का भी सम्मान करें—यही हमारी गंगा-जमुनी तहजीब की पहचान है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या फेक न्यूज का प्रचार-प्रसार न करें। सोशल मीडिया पर प्राप्त किसी भी सूचना को प्रशासन से पुष्टि के बाद ही साझा करें। उपायुक्त ने शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रशासन की व्यापक तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने शांति बनाए रखने के लिए पाँच मूल मंत्र दिए— संयम एवं सब्र रखें खबर रखें, लेकिन अफवाह न फैलाएं, सत्यापन के बाद ही सूचना साझा करें, आसपास की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें, एक-दूसरे के पर्वों का सम्मान करें।उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियां बांटने का अवसर होता है, ऐसा वातावरण बनाएं जिसमें सभी लोग परिवार सहित सुरक्षित एवं आनंदपूर्वक शामिल हो सकें। उपायुक्त ने जुलूसों के दौरान शराब या किसी मादक पदार्थ के सेवन पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करने तथा अश्लील या आपत्तिजनक गीतों के प्रसारण से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि जुलूस के निर्धारित रूट चार्ट में किसी प्रकार का परिवर्तन स्वीकार्य नहीं होगा। जिले में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, प्रकाश व्यवस्था आदि को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा तथा सीसीटीवी एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी।

*पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई:- पुलिस अधीक्षक*
पुलिस अधीक्षक श्रीमती निधि द्विवेदी* ने सभी को आगामी पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रकृति के चक्र के साथ हमारे त्योहार भी आते हैं और हमें आपसी भाईचारे एवं “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना के साथ इन्हें मनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि रामनवमी एवं ईद के अवसर पर लगभग 370 पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सभी संवेदनशील स्थलों एवं जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन किया जा चुका है। सोशल मीडिया पर निगरानी हेतु विशेष टीम सक्रिय है, जो अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि अधिकांश लोग शांति एवं खुशी के साथ त्योहार मनाना चाहते हैं, अतः कुछ असामाजिक तत्वों को भी सकारात्मक संदेश देकर इस माहौल को बनाए रखें।
*सुरक्षा, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी पर विशेष जोर*
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जुलूस के दौरान केवल प्रशिक्षित व्यक्ति ही लाठी/पारंपरिक अस्त्र से कलाबाजी करें संवेदनशील स्थलों पर विशेष चौकसी बरती जाएगी। पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती रहेगी। विसर्जन जुलूस निर्धारित मार्ग एवं समयसीमा के अनुसार ही संचालित होगा।
*समाज के प्रबुद्ध नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण*
अंत में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शांति समिति के सदस्य एवं समाज के प्रबुद्ध नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएं, ताकि सभी पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हो सकें।
*बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए अरूण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, मुख्यालय डीएसपी जितेन्द्र कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद अमरेन्द्र कुमार चौधरी, पाकुड़ एसडीपीओ डीएन आजाद, महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, सभी बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी तथा जिला के गणमान्य लोग अन्य मौजूद रहे।
Author: Jharkhand Nama
News portal



