उपायुक्त मेघा भारद्वाज़ ने आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण
बच्चों की शिक्षा, पोषण, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

झारखंड नामा ब्यूरो अमित कुमार दास पाकुड़ :उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने शनिवार को सदर प्रखंड अंतर्गत सोनाजोड़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र सह प्री- नर्सरी स्कूल केंद्र रसीकटोला तथा हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत मणिडांगा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा, पोषण, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा कीनिरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सर्वप्रथम सोनाजोड़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र सह प्री-नर्सरी स्कूल केंद्र रसीकटोला का निरीक्षण किया। उन्होंने सेविका द्वारा बच्चों को दी जा रही समावेशी शिक्षा, दैनिक गतिविधियों एवं प्रारंभिक शिक्षण व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली। उपायुक्त ने बच्चों को प्रतिदिन कराई जा रही गतिविधियों के साथ- साथ पोषण वाटिका, बच्चों को दिए जाने वाले आहार एवं पोषाहार की गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस दौरान उपायुक्त ने बच्चों के लिए उपलब्ध उपकरणों जैसे लंबाई एवं वजन मापने की मशीन का भी निरीक्षण किया तथा उनके नियमित उपयोग की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के अटेंडेंस रजिस्टर की जांच करते हुए उपस्थिति व्यवस्था की समीक्षा की। उपायुक्त ने केंद्र परिसर की साफ-सफाई, बच्चों के स्वास्थ्य एवं बढ़ती गर्मी को देखते हुए आवश्यक सावधानियों को अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।इसके पश्चात उपायुक्त ने हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत मणिडांगा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि मणिडांगा आंगनबाड़ी केंद्र को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षण एवं पोषण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। सेविका द्वारा केंद्र में बिजली एवं पेयजल की समस्या से अवगत कराए जाने पर उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि जल्द से जल्द बिजली एवं पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं। यहां बच्चों को शिक्षा, पोषण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा
Author: Jharkhand Nama
News portal





