डिजिटल कौशल से सशक्त होंगे युवाओं के सपने: उपायुक्त

NIELIT में कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त छात्र-छात्राओं के बीच प्रमाण-पत्रों का वितरण

झारखंड नामा ब्यूरो पाकुड़ :जिले के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT) में कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं के बीच आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्रीमती मेघा भारद्वाज एवं उप विकास आयुक्त श्री अरविन्द कुमार लाल द्वारा प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान युग डिजिटल क्रांति का युग है, जहां सूचना प्रौद्योगिकी का ज्ञान सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर शिक्षा और तकनीकी दक्षता आज केवल एक अतिरिक्त योग्यता नहीं, बल्कि रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए आवश्यक आधार बन चुकी है। उपायुक्त ने कहा कि इस प्रशिक्षण से विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं आत्मविश्वास में वृद्धि होगी तथा उन्हें भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को निरंतर सीखने, नई तकनीकों को अपनाने तथा अपने कौशल का उपयोग समाज और राष्ट्र निर्माण में करने के लिए प्रेरित किया उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में विद्यार्थियों के लिए एडवांस कंप्यूटर कोर्स भी प्रारंभ कराया जाएगा, ताकि उन्हें और अधिक व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में कंप्यूटर ऑपरेटरों की निरंतर आवश्यकता रहती है। ऐसे में युवाओं को उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास एवं डिजिटल सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने भी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा आज के प्रतिस्पर्धी दौर में सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्राप्त ज्ञान का सदुपयोग कर अपने भविष्य को सशक्त बनाने का आह्वान किया प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रति प्रसन्नता व्यक्त* करते हुए कहा कि इस पहल से उन्हें कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीक से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं, जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी कार्यक्रम के दौरान जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी, प्रशिक्षकगण, संस्थान के प्रतिनिधि, संबंधित पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे
Author: Jharkhand Nama
News portal





