धरती आबा बिरसा मुंडा के विचार आज भी समाज को प्रेरित कर रहे हैं : सोनू खलखो

झारखंडनामा संवाददाता रांची : भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर रांची के कोकर स्थित उनकी समाधि स्थल पर रांची के पूर्व मेयर प्रत्याशी सोनू खलखो ने श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सोनू खलखो ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं थे, बल्कि वे सामाजिक न्याय, स्वाभिमान और जनअधिकारों के प्रतीक हैं। उन्होंने अंग्रेजी शासन और शोषण के खिलाफ जिस साहस और दृढ़ता के साथ संघर्ष किया, वह आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। उनका जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने की सीख देता है। सोनू खलखो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ आदिवासी समाज में जागरूकता और आत्मविश्वास पैदा करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने समाज को संगठित कर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। यही कारण है कि आज भी उनका नाम सम्मान और गर्व के साथ लिया जाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उनका संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और समाज के प्रति समर्पण नई पीढ़ी के लिए एक आदर्श है। यदि युवा उनके बताए मार्ग पर चलें तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। सोनू खलखो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान और उनके विचार सदैव अमर रहेंगे। उनकी पुण्यतिथि हमें उनके संघर्षों को याद करने और उनके सपनों के अनुरूप न्यायपूर्ण, समतामूलक एवं विकसित समाज के निर्माण के लिए संकल्प लेने का अवसर प्रदान करती है।
Author: Jharkhand Nama
News portal





