मुख्य बाजार में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में बड़ी डकैती, लाखों के जेवरात लूटकर फरार हुए अपराधी
वारदात से बाजार में हड़कंप, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना, पुलिस जांच में जुटी

अमड़ापाड़ा संवाददाता – रूपामुनी सोरेन :अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार स्थित प्रतिष्ठित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में बुधवार को दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। हथियारबंद अपराधियों द्वारा की गई इस लूट से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार अपराधी ग्राहक बनकर दुकान में घुसे और दुकानदार को भयभीत कर सोने-चांदी के लाखों रुपये मूल्य के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना दोपहर के समय की है जब बाजार में काफी भीड़ थी।
घटना की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि डकैती की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने मुख्य बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।
Author: Jharkhand Nama
News portal





