रक्त की कमी दूर करने को जिला प्रशासन की पहल, जिला एवं प्रखंड स्तर पर विशेष रक्तदान अभियान आयोजित होगा

उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिकाधिक रक्तदाताओं को प्रेरित एवं जुटाने का दिया निर्देश*

*जिले में रक्त की उपलब्धता को सुदृढ़ करने एवं आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में रक्तदान जागरूकता को लेकर गूगल मीट के माध्यम से बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के रक्त भंडार में विभिन्न रक्त समूहों की वर्तमान उपलब्धता की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कई रक्त समूहों की उपलब्धता कम पाए जाने को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने कहा कि रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास करते हुए व्यापक स्तर पर स्वैच्छिक रक्तदान कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग को विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश देते हुए कहा कि इन विभागों में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मी एवं अन्य सदस्य कार्यरत हैं। ऐसे में दोनों विभाग अधिक से अधिक स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रेरित कर अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
*जिला स्तर पर 18, 24 एवं 28 सितंबर को होगा विशेष रक्तदान अभियान*
उपायुक्त के निर्देश पर 18, 24 एवं 28 सितंबर को जिला स्तर पर विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं 24 सितंबर को प्रखंड स्तर पर भी रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। विभागवार, प्रखंडवार एवं पंचायतवार लक्ष्य निर्धारित करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक रक्तदाताओं को प्रेरित कर शिविर तक लाने की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, गृह रक्षक बल, समाहरणालय कर्मी, नगर निकाय, तकनीकी विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर परिणामोन्मुख अभियान के रूप में संचालित किया जाए, ताकि जिले के रक्त भंडार में विभिन्न रक्त समूहों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
*रक्तदाताओं को किया जाएगा प्रोत्साहित*
बैठक में रक्तदान के प्रति लोगों में उत्साह बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान करने के साथ-साथ बेहतर सहभागिता करने वाले विभागों एवं संस्थानों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। रक्तदान के महत्व को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से आमजनों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
*उपायुक्त ने आमजनों से स्वैच्छिक रक्तदान की अपील की*
*उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज* ने जिले के सभी अधिकारियों, कर्मियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आमजनों से स्वैच्छिक रूप से आगे आकर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी व्यक्ति द्वारा किया गया एक यूनिट रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से इस विशेष अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वयं रक्तदान करने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
*रक्त भंडार की व्यवस्था को भी किया जाएगा सुदृढ़*
बैठक में रक्त भंडार से संबंधित आधारभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। रक्तदान एवं रक्त संग्रहण की बेहतर व्यवस्था के लिए पृथक कक्ष की आवश्यकता को लेकर किए गए आकलन एवं प्रस्तावित प्रारूप पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करते हुए व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि किसी भी जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में कमी न हो। इसके लिए प्रशासन, विभागों एवं समाज के सामूहिक प्रयास से जिले में मजबूत स्वैच्छिक रक्तदान संस्कृति विकसित की जाएगी।
Author: Jharkhand Nama
News portal





