अमड़ापाड़ा। प्रखंड क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत अनमैप्ड मतदाताओं से संबंधित चल रही जनसुनवाई प्रक्रिया का शनिवार को झामुमो नेताओं ने निरीक्षण किया।

झारखंड नामा संवाददाता रूपामुनी सोरेन अमड़ापाड़ा: प्रखंड क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत अनमैप्ड मतदाताओं से संबंधित चल रही जनसुनवाई प्रक्रिया का शनिवार को झामुमो नेताओं ने निरीक्षण किया। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष श्यामलाल हाँसदा के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारियों ने आलूबेड़ा पंचायत एवं डुमरचीर पंचायत में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंचकर पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया।

इस दौरान झामुमो प्रखंड अध्यक्ष श्यामलाल हाँसदा ने जनसुनवाई में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान, दस्तावेजों के सत्यापन तथा उनके दावों और आपत्तियों से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है। ऐसे में किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई मतदाताओं को दस्तावेजों एवं प्रक्रिया की पूरी जानकारी नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराने की जरूरत है। उन्होंने संबंधित कर्मियों से भी अपील की कि जनसुनवाई के दौरान आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाए और पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों एवं मतदाताओं से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं और प्रक्रिया से जुड़ी परेशानियों की जानकारी ली गई। झामुमो नेताओं ने लोगों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की जांच करें तथा किसी प्रकार की त्रुटि या समस्या होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति प्रस्तुत करें।
इस मौके पर झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष इमरान अंसारी, जिला कार्यकारिणी सदस्य मंटू भगत, प्रखंड सह सचिव संतोष भगत, जिला सदस्य फिलीप मुर्मू तथा अल्पसंख्यक प्रखंड उपाध्यक्ष सह पाडरकोला पंचायत सचिव इस्लाम अंसारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Jharkhand Nama
News portal





