अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी गंभीर, पांच माह का बच्चा बाल-बाल बचा

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी गंभीर, पांच माह का बच्चा बाल-बाल बचा

पति की मौत, पत्नी घायल, बच्चा खतरे से बाहर

डुमरचीर हाट से लौट रहे दंपति की बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर,

फतेहपुर सीएचसी में इलाज के दौरान तोड़ा दम, पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों ने जताई थी असहमती 

झारखंड नामा संवाददाता रूपामुनी सोरेन अमड़ापाड़ा: (पाकुड़), 25 सितंबर। थाना क्षेत्र के मालिपाड़ा के समीप गुरुवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में दंपति के साथ मौजूद पांच माह का बच्चा भी घायल हुआ है, हालांकि उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सिंगारसी निवासी जोमे पहाड़िया (25) अपनी पत्नी सीता पहाड़िन (24) और पांच माह के पुत्र कृष्णा पहाड़िया के साथ डुमरचीर साप्ताहिक हाट से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मालिपाड़ा के समीप उनकी बाइक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को उपचार के लिए फतेहपुर सीएचसी पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान जोमे पहाड़िया ने दम तोड़ दिया। वहीं, उनकी पत्नी सीता पहाड़िन को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है। पांच माह के बच्चे कृष्णा पहाड़िया की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

घटना की सूचना मिलने पर अमड़ापाड़ा थाना पुलिस फतेहपुर सीएचसी पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शुक्रवार को शव के पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों ने प्रारंभ में असहमति जताई। बाद में गौरपाड़ा निवासी भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील पहाड़िया के समझाने-बुझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को सदर अस्पताल सोनाजोड़ी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों में मातम पसरा है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए मामले की जांच कर रही है।

Jharkhand Nama
Author: Jharkhand Nama

News portal

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज