पाकुड़ व्यवहार न्यायालय परिसर में संविधान दिवस पर गूंजा लोकतंत्र का संकल्प, जिला जज की अध्यक्षता में दिलाई गई प्रस्तावना की शपथ

झारखंड नामा ब्यूरो पाकुड़ : झालसा, रांची के निर्देशानुसार संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को व्यवहार न्यायालय परिसर, पाकुड़ में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश- सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ श्री दिवाकर पांडेय ने की। उन्होंने उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री दिवाकर पांडेय ने कहा कि संविधान मात्र एक पुस्तक नहीं, अपितु देश की आत्मा है। उन्होंने कहा कि न्याय, समता, स्वतंत्रता एवं बंधुता जैसे मूल्यों को केवल पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने जीवन एवं न्याय व्यवस्था में आत्मसात करना ही संविधान के प्रति सच्चा सम्मान है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी न्यायिक अधिकारियों ने संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को कृतज्ञतापूर्वक स्मरण किया।
इस अवसर पर अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम श्री कुमार क्रांति प्रसाद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री संजीत कुमार चंद्र, स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष श्री अशोक कुमार शुक्ला, डीएलएसए प्रभारी सचिव श्री विशाल मांझी, प्रभारी न्यायाधीश श्री विजय कुमार दास सहित न्यायालय कर्मी, पारा लीगल वॉलिंटियर्स एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Author: Jharkhand Nama
News portal





