हुनर के साथ आत्मनिर्भरता की नई उड़ान, सीटी ब्यूटी पार्लर की छात्राओं को दी गई भावभीनी विदाई

प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित, अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह

पाकुड़। हुनर ही आत्मनिर्भरता की सबसे बड़ी ताकत है। यदि हाथों में कौशल और मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो रोजगार के अवसर स्वयं पैदा किए जा सकते हैं। इसी संदेश के साथ रविवार को राज प्लस टू रोड, हाई स्कूल के समीप स्थित सीटी ब्यूटी पार्लर में प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी लुत्फुल हक, राजेंद्र मंडल एवं जैनेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए उनके परिश्रम,लगन और हुनर की सराहना की। साथ ही उन्हें अपने कौशल का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रेरित किया।संस्थान के निदेशक मोहम्मद हैदर अली ने कहा कि सीटी ब्यूटी पार्लर का उद्देश्य केवल छात्राओं को प्रशिक्षण देकर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि उन्हें ऐसा व्यावहारिक हुनर प्रदान करना है, जिसके माध्यम से वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें। ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद छात्राएं स्वयं का पार्लर शुरू कर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकती हैं।वहीं, पार्लर की ट्रेनर सह प्रभारी अंजली सिंह के मार्गदर्शन में छात्राओं को सौंदर्य एवं साज-सज्जा से जुड़ी विभिन्न विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के साथ संस्थान के संचालन एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी भी उनके नेतृत्व में निभाई जाती है।समारोह के दौरान छात्राओं के चेहरे पर उपलब्धि की खुशी और विदाई की भावुकता दोनों नजर आईं। प्रशिक्षण का एक अध्याय पूरा कर छात्राएं अब नए सपनों और आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की ओर कदम बढ़ाने को तैयार हैं। कार्यक्रम में सीटी परिवार के सदस्यों सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी छात्राओं के सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ समारोह का समापन हुआ।
Author: Jharkhand Nama
News portal





