डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर दूसरे दिन भी कोयला परिवहन ठप

डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर दूसरे दिन भी कोयला परिवहन ठप

झारखंड नामा संवाददाता रूपामुनी सोरेन :अमड़ापाड़ा: थाना क्षेत्र के टूयूटोला निवासी राम हेम्ब्रम (30) की कोयला परिवहन मार्ग पर डंपर की चपेट में आने से हुई मौत के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कोयला परिवहन मार्ग जाम कर दिया है। मुआवजे पर सहमति नहीं बनने के कारण लगातार दूसरे दिन भी कोयला ढुलाई पूरी तरह ठप रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टूयूटोला निवासी राम हेम्ब्रम कोयला परिवहन मार्ग पर डंपर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने उचित मुआवजे की मांग को लेकर कोयला परिवहन मार्ग पर डंपरों का परिचालन रोक दिया। इससे कोयला लदे एवं खाली डंपरों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई।

सड़क जाम की सूचना पर अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी प्रयाग दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। हालांकि, मुआवजे को लेकर सहमति नहीं बन पाई और ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।

ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा मिलने के बाद ही जाम हटाया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक परिजनों और संबंधित पक्षों के बीच किसी प्रकार का समझौता नहीं हो सका था, जिसके कारण मार्ग पर गतिरोध बरकरार था।

Jharkhand Nama
Author: Jharkhand Nama

News portal

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज