अरगोड़ा अंचल के राजस्वकर्मी हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; जमीन विवाद में रची गई थी हत्या की साजिश

झारखंडनामा सूत्र संवाददाता राॅंची। राजधानी राॅंची के नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार में अरगोड़ा अंचल के राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों प्रदीप गोसाई, अमित टोप्पो उर्फ अमित गोसाई और सिंधु कुमार गोसाई को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस जांच में हत्या की वजह करीब 96 डिसमिल जमीन का विवाद सामने आया है। बड़ा घाघरा मौजा स्थित इस जमीन के दाखिल-खारिज और म्यूटेशन को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक राजस्वकर्मी ने दस्तावेजों और वंशावली में गड़बड़ी मिलने पर कई मामलों में प्रतिकूल रिपोर्ट दी थी। इसके बाद अंचल कार्यालय ने कुछ दाखिल-खारिज के आवेदन खारिज कर दिए थे।
पुलिस के अनुसार, इसी से नाराज होकर आरोपियों ने हत्या की साजिश रची और 23 अक्टूबर की रात वारदात को अंजाम दिया। मामले की जांच के लिए एसपी ग्रामीण के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी। पुलिस फरार आरोपियों भोला गोसाई, अमित सिंह और शैलेश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
Author: Jharkhand Nama
News portal





