मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना एवं एसएमएएम योजना के तहत लाभुकों को उपलब्ध कराए गए ट्रैक्टर

कृषि यांत्रिकीकरण वितरण मेला के माध्यम से किसानों को मिला आधुनिक कृषि यंत्रों का लाभ, 80 से 90 प्रतिशत तक अनुदान पर वितरित किए गए ट्रैक्टर एवं कृषि उपकरण

मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना एवं एसएमएएम योजना के तहत लाभुकों को उपलब्ध कराए गए ट्रैक्टर

पंपसेट वितरण योजना के तहत 40 लाभुकों को 90 प्रतिशत अनुदान पर मिले पंपसेट

झारखंड नामा संवाददाता रामगढ़: किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं कृषि यंत्रों से जोड़ने तथा कृषि कार्यों को सुगम, कम खर्चीला एवं लाभकारी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को भूमि संरक्षण कार्यालय परिसर, कैथा, रामगढ़ में कृषि यांत्रिकीकरण वितरण मेला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से माननीय विधायक रामगढ़ श्रीमती ममता देवी, माननीय विधायक बड़कागांव श्री रोशन लाल चौधरी, माननीय विधायक मांडू श्री निर्मल महतो, उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज, निदेशक भूमि संरक्षण, झारखंड सरकार श्री विकास कुमार, सहायक निदेशक सर्वे, हजारीबाग श्री विवेक मिश्रा, भूमि संरक्षण पदाधिकारी रामगढ़ श्रीमती कंचन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर एवं डीपीएम जेएसएलपीएस श्रीमती रीता सिंह, सांसद प्रतिनिधि हजारीबाग श्री राजीव जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को अनुदान पर उपलब्ध कराए गए कृषि यंत्र

कृषि यांत्रिकीकरण वितरण मेला के दौरान किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत अनुदान पर कृषि यंत्र एवं उपकरण उपलब्ध कराए गए। मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के अंतर्गत दो लाभुकों को 50 प्रतिशत अनुदान पर ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया। वहीं, एसएमएएम योजना के तहत आठ लाभुकों को 80 प्रतिशत अनुदान पर बड़े ट्रैक्टर तथा तीन लाभुकों को 80 प्रतिशत अनुदान पर मिनी ट्रैक्टर प्रदान किए गए।

इसी प्रकार, पंपसेट वितरण योजना के अंतर्गत 1.5 एचपी से 3 एचपी, 3 एचपी से 5 एचपी क्षमता के पंपसेट एवं सोलर पंपसेट वितरण के तहत कुल 40 लाभुकों को 90 प्रतिशत अनुदान पर पंपसेट उपलब्ध कराए गए।

इसके अतिरिक्त व्यक्तिगत कृषि यंत्र योजना के तहत तीन लाभुकों को 80 प्रतिशत अनुदान पर विभिन्न कृषि यंत्र प्रदान किए गए।

माननीय विधायक रामगढ़ श्रीमती ममता देवी ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने की अपील की

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय विधायक रामगढ़ श्रीमती ममता देवी ने कहा कि कृषि यांत्रिकीकरण किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार द्वारा किसानों को अनुदान पर ट्रैक्टर एवं अन्य कृषि उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे खेती में लगने वाला समय और श्रम कम होगा। उन्होंने किसानों से सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ उठाने तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने की अपील की।

माननीय विधायक बड़कागांव श्री रोशन लाल चौधरी ने कहा, कृषि उपकरणों से किसानों की मेहनत और लागत होगी कम

माननीय विधायक बड़कागांव श्री रोशन लाल चौधरी ने कहा कि किसानों को सशक्त बनाने के लिए कृषि कार्यों में आधुनिक मशीनों का उपयोग आवश्यक है। ट्रैक्टर, पंपसेट एवं अन्य कृषि यंत्रों की उपलब्धता से किसानों को खेती के विभिन्न कार्यों में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाना आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक किसान इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।

माननीय विधायक मांडू श्री निर्मल महतो ने किसानों को सरकारी योजनाओं से जुड़ने का किया आह्वान

माननीय विधायक मांडू श्री निर्मल महतो ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में बेहद जरूरी है। कृषि यांत्रिकीकरण से खेती की उत्पादकता बढ़ेगी तथा किसानों को कम समय और कम श्रम में बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील की।

कृषि यांत्रिकीकरण से खेती को आधुनिक एवं लाभकारी बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता : उपायुक्त

उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि यांत्रिकीकरण किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और कृषि क्षेत्र में उत्पादकता बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम है। सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को 50 से 90 प्रतिशत तक अनुदान पर कृषि उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर किसान भी आधुनिक कृषि संसाधनों का उपयोग कर सकें।

उन्होंने कहा कि कृषि उपकरणों के उपयोग से किसानों की लागत एवं श्रम में कमी आएगी तथा समय पर कृषि कार्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पात्र किसानों तक पहुंचाया जाए। साथ ही उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

किसानों के हित में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है : निदेशक भूमि संरक्षण

निदेशक भूमि संरक्षण, झारखंड सरकार श्री विकास कुमार ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। कृषि यांत्रिकीकरण के माध्यम से खेती को अधिक सुविधाजनक एवं उत्पादक बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे कृषि उपकरण किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों से योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करने की बात कही।

किसानों को योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराने पर दिया गया जोर

भूमि संरक्षण पदाधिकारी रामगढ़ श्रीमती कंचन ने कार्यक्रम के दौरान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कृषि यांत्रिकीकरण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों को अनुदान पर ट्रैक्टर, मिनी ट्रैक्टर, पंपसेट एवं व्यक्तिगत कृषि यंत्र उपलब्ध कराने का उद्देश्य कृषि कार्यों को आसान बनाना तथा किसानों की उत्पादन क्षमता में वृद्धि करना है। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ लेने एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक सर्वे, भूमि संरक्षण, हजारीबाग श्री विवेक मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने किसानों को कृषि यंत्रों के बेहतर उपयोग तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया

Jharkhand Nama
Author: Jharkhand Nama

News portal

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज