खेलो झारखंड 2026-27 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

उपायुक्त ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, कहा—जिले का नाम रोशन करने के लिए पूरी लगन से करें प्रदर्शन

झारखंड नामा ब्यूरो पाकुड़ :झारखंड शिक्षा परियोजना, पाकुड़ के तत्वावधान में ‘खेलो झारखंड 2026-27’ की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिला स्तरीय स्टेडियम, बैंक कॉलोनी, पाकुड़ में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज, उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार एवं अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी पीयूष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया इस अवसर पर उपायुक्त, उप विकास आयुक्त सहित अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं
जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित प्रखंड स्तरीय ‘खेलो झारखंड’ प्रतियोगिता में विजेता अंडर-17 आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़, खो-खो, लॉन्ग जंप, हाई जंप, फुटबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया।
खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का दिया संदेश मौके पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘खेलो झारखंड’ प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करती है। उन्होंने विभिन्न प्रखंडों से आए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे पूरी लगन, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें तथा अधिक से अधिक पदक जीतकर अपने प्रखंड एवं पाकुड़ जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी एवं टीमें पाकुड़ जिले का प्रतिनिधित्व रांची में आयोजित राज्य स्तरीय ‘खेलो झारखंड’ प्रतियोगिता में करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उपायुक्त ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम भी है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर अभ्यास एवं मेहनत करने के लिए प्रेरित किया कार्यक्रम में एपीओ, बीपीओ, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी, प्रशिक्षक, शिक्षक सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
Author: Jharkhand Nama
News portal





